धनबाद : आजीविका महिला ग्राम संगठन भुरूंगिया की महिलाओं ने एक राष्ट्र एक चुनाव के समर्थन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को प्रस्ताव भेजा है. यह प्रस्ताव महिलाओं ने राष्ट्रपति के नाम पोस्टकार्ड के माध्यम से भेजा है.
इसको लेकर गुरुवार को भुरूंगिया में आजीविका महिला ग्राम संगठन की बैठक हुई, जिसमें जिला परिषद की चेयरमैन शारदा सिंह मौजूद थीं. महिलाओं ने बैठक में चेयरमैन शारदा सिंह के समक्ष संगठन के सदस्यों ने अपने-अपने विचार रखे. शारदा सिंह ने कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव से देश का सर्वांगीण विकास होगा. इससे देश में आर्थिक सुधार होगा, जिससे देश और लोकतंत्र की नींव मजबूत होगी.
युवाओं को जागरूक करना उद्देश्य
इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को जागरूक कर लोकतंत्र की मजबूती में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है. मौके पर संस्था की अध्यक्ष कविता देवी, सचिव कलावती देवी आदि दर्जनों महिलाएं शामिल थीं.



