Close

धनबाद में आठवीं बार धंसी झारखंड की पहली 461 करोड़ लागत की 8 लेन सड़क, गुणवत्ता पर भी उठे सवाल

Newsfast Sabsefast24

धनबाद : धनबाद में राज्य की पहली 461.90 करोड़ की आठ लेन सड़क उद्घाटन के बाद आठवीं बार धंस गई। मंगलवार को झारखंड मोड़ के पास सर्विस लेन में तीन फीट चौड़ा और आठ फीट गहरा गड्ढा बन गया।

धनबाद में राज्य की पहली आठ लेन सड़क की गुणवत्ता पर प्रश्नचिन्ह खड़ा हो गया है। अपने उद्घाटन के बाद से 461.90 करोड़ की 20 किलोमीटर की सड़क में यह आठवीं बार है जब यह धंस गई।

मंगलवार को झारखंड मोड़ से 99 कोयलांचल सिटी के बीच सर्विस लेन में बड़ा गोफ बन गया। लगभग तीन फीट चौड़ा और आठ फीट गहरा गड्ढा बन गया। सड़क के नीचे काफी मात्रा में जलजमाव दिखा। इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। कई दोपहिया वाहन इसमें गिरते गिरते बचे। इस सड़क का निर्माण स्टेट हाईवे अथॉरिटी आफ झारखंड (साज) ने दो एजेंसियों शिवालया और त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन को काम सौंप कर कराया है।

अक्टूबर, 2024 में हेमंत ने किया था उद्घाटन

गोल्ड बिल्डिंग से लेकर कांकोमठ तक 20 किलोमीटर आठ लेन सड़क का उद्घाटन पांच अक्टूबर 2024 में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया था। इसके बाद से लगातार लगभग तीन-चार महीने के अंतराल पर आधा दर्जन जगह सड़क धंस गई। पिछले वर्ष तो बड़ा गड्ढा बन जाने के कारण इस सड़क पर आवागमन तक कई दिनों तक रोकना पड़ गया।

त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन ने कराया था सड़क निर्माण

जहां गड्ढा बना उस क्षेत्र में सड़क निर्माण त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन ने कराया

गोल बिल्डिग से कांको मठ तक बनी झारखंड की पहली 20 किमी लंबी आठ लेन सड़क के निर्माण दो एजेंसियों ने कराया। बिनोद बिहारी महतो चौक से कांकोमठ तक 9.30 किलोमीटर की सड़क का निर्माण त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन ने पूरा किया है। गोल बिल्डिग से बिनोद बिहारी महतो चौक तक 11.70 किमी सड़क निर्माण का काम शिवालय कंस्ट्रक्शन कंपनी ने कराया है। दोनों ही कंस्ट्रक्शन कंपनियों के निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाया जा रहा है।

कब-कब धंसी आठ लेन सड़क

पांच अक्टूबर 2024 को मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन किया था उद्घाटन, इसके 24 घंटे के अंदर ही असर्फी अस्पताल के सामने पहली बार धंसी थी आठ लेन सड़क

2024 में ही तीन महीने के अंतराल पर भूली ओवरब्रिज हे राम लेकर बिनोद बिहारी चौक तक चार बार सड़क पर बना गोफ

2024 में ही मेमको मोड़ के पास बना गोफ

सितंबर 2025 में राजा तालाब के पास बना बड़ा गोफ। यहां मेन राइजिंग पाइपलाइन फटने की वजह से बड़ा गड्ढा बना

अब 2026 में झारखंड मोड़ के पास धंसी सड़क

सड़क की मरम्मत शुरू कर दी गई है। सड़क के नीचे से पेयजल विभाग की मेन राइजिंग पाइपलाइन गुजरी है। कई बार पेयजल विभाग बिना वाल्व खोले पानी का प्रेशर अधिक कर देता है। इस वजह से सड़क धंस जा रही है। इसको लेकर पेयजल विभाग के साथ बैठक भी हो चुकी है। एक बार फिर से बात की जाएगी।

  1. संजय कुमार सिंह, डीजीएम साज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Leave a comment
error: Content is protected !!
scroll to top