धनबाद : राजगंज-सिजुआ मुख्य मार्ग पर गुरुवार की रात नया मोड़ (हरित उद्यान) के समीप एक अनियंत्रित स्कार्पियो ने महिला सीआइएसएफ हवलदार को रौंद दिया।
इस हृदयविदारक हादसे में गंभीर रूप से जख्मी महिला हवलदार स्नेहलता ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतका के पति कुंदन कुमार सीआइएसएफ की सिजुआ यूनिट में तैनात हैं।
पति की थी ए शिफ्ट में ड्यूटी, पत्नी लौट रही थी घर
जानकारी के अनुसार, स्नेहलता और उनके पति कुंदन कुमार एक ही यूनिट में कार्यरत हैं। गुरुवार को कुंदन कुमार की ए शिफ्ट में ड्यूटी थी, जबकि स्नेहलता अपनी ड्यूटी खत्म कर वेस्ट मोदीडीह की ओर से पैदल ही अपने आवास की ओर लौट रही थीं।
घर लाैटन के दौरान नया मोड़ के समीप एक स्कार्पियो चालक ने लापरवाही पूर्वक और तेज गति से वाहन चलाते हुए स्नेहलता को जोरदार टक्कर मार दी। स्नेहलता सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि चालक स्कार्पियो लेकर मौके से भाग निकला।
अस्पताल में तोड़ा दम, जांच में जुटी पुलिस
तेतुलमारी पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से स्नेहलता को तत्काल धनबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद से उनके पति और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और फरार स्कार्पियो चालक की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि लापरवाही से वाहन चलाने वाले दोषी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



