धनबाद : झारखंड निगर निकाय चुनाव-2026 के दाैरान धनबाद मेयर पद का चुनावी समीकरण लगातार बदल रहा है। झामुमो नेत्री डा. नीलम मिश्रा ने मेयर पद के चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया है। मिश्रा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर नाम वापस लिया है। धनबाद में झामुमो मेयर के पद पर चंद्रशेखर अग्रवाल को चुनाव लड़ा रहा है।
झामुमो नेत्री डा. मिश्रा ने धनबाद मेयर के लिए नामांकन दाखिल किया था। इसी बीच भाजपा नेता और निवर्तमान मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल 2 फरवरी को दुमका में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष झामुमो में शामिल हो गए। इसके बाद झामुमो ने शेखर अग्रवाल को समर्थन देने का निर्णय लिया।
मेयर के लिए 23 फरवरी को मतदान है। शुक्रवार को नामांकन वापसी का दिन था। मेयर प्रत्याशी नीलम मिश्रा ने निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता विनोद कुमार, सहायक निर्वाची पदाधिकारी बाल किशोर महतो तथा सहायक निर्वाची पदाधिकारी विशाल कुमार पांडेय के समक्ष नामांकन वापस ले लिया।
नगर निकाय चुनाव के बीच धनबाद मेयर पद को लेकर बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। JMM की नेत्री डॉ. नीलम मिश्रा ने मेयर पद के लिए अपना नामांकन वापस ले लिया है। इसके साथ ही पार्टी ने औपचारिक रूप से चंद्रशेखर अग्रवाल को समर्थन देने की घोषणा की है, जिससे चुनावी समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं।
धनबाद मेयर के लिए कुल 33 लोगों ने नामांकन दाखिल किए थे। नामांकन पत्रों की जांच के दाैरान गुरुवार को डा. सुशील कुमार समेत तीन का नामांकन रद हो गया है। इनमें अखिलेश्वर महतो और पुष्पा कुमारी शामिल हैं। इन सभी ने धनबाद नगर निगम के मेयर पद के लिए अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया था।
गुरुवार को महापौर पद के लिए स्क्रूटनी का कार्य निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता विनोद कुमार, सहायक निर्वाची पदाधिकारी बाल किशोर महतो तथा विशाल कुमार पांडेय ने सामान्य प्रेक्षक रोबिन टोप्पो के नेतृत्व में किया गया। स्क्रुटनी के बाद उपरोक्त तीनों लोगों का नामांकन पत्र पूरा नहीं पाया गया। जिसे रद कर दिया गया।



