धनबाद : धनबाद शहर के गोल्फ ग्राउंड में रविवार को सर्वधर्म सामूहिक विवाह समिति की ओर से भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुल 73 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। समारोह की शुरुआत दूल्हों की अनोखी बारात से हुई, जो टोटो पर निकाली गई।
ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और जयघोष के बीच यह बारात गोल्फ ग्राउंड स्थित विवाह मंच तक पहुंची। बारात के पहुंचते ही परंपरागत रूप से समधी मिलन की रस्म अदा की गई, जिसके बाद विवाह की विधियां शुरू हुईं। पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा और विवाह स्थल रंग-बिरंगे परिधानों व सजावट से आकर्षक नजर आया।
12 वर्षों से दहेज के खिलाफ अभियान, हजारों लोग बने गवाह
इस सामूहिक विवाह समारोह में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। सर्वधर्म सामूहिक विवाह समिति के अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि समिति अपने सामाजिक कार्यों के 12वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। उन्होंने बताया कि वर्ष 12 साल पहले दहेज प्रथा के खिलाफ समाज को जागरूक करने और दहेज मुक्त विवाह को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस पहल की शुरुआत की गई थी।
आज यह अभियान एक मजबूत सामाजिक आंदोलन का रूप ले चुका है। समारोह में समाज के विभिन्न वर्गों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने आयोजन को और भी खास बना दिया।
40 से अधिक संगठनों का रहा सहयोग
समिति के अध्यक्ष ने बताया कि वर्तमान में इस सामाजिक पहल में 40 से अधिक सामाजिक संगठन सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। इस मंच से हर वर्ष सैकड़ों जोड़ों का विवाह बिना दहेज के संपन्न कराया जाता है। खास बात यह है कि सभी जोड़ों का विवाह उनके धर्म और जाति की परंपराओं के अनुसार कराया जाता है।
जिससे आपसी भाईचारे और सर्वधर्म समभाव का संदेश जाता है। समारोह के समापन पर सभी दुल्हनों को गृहस्थी बसाने के लिए आवश्यक घरेलू सामग्री प्रदान कर विदा किया जाएगा। आयोजन ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि सामाजिक एकजुटता से कुरीतियों के खिलाफ मजबूत संदेश दिया जा सकता है।



