धनबाद : आशादीप फाउंडेशन द्वारा संचालित विद्यालय किड्स केयर का 24 वां स्थापना दिवस काफ़ी धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि एक्सिस बैंक कतरास के शाखा प्रबंधक असित कुमार सिन्हा, प्राचार्य दिलीप कुमार वर्मा,उप प्राचार्य शिवली सरकार, वरिष्ठ शिक्षिका मिस बुलन ने संयुक्त रूप से द्वीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। बच्चों ने मिस बुलन के सानिध्य में स्कूल समूह गान प्रस्तुत किया तत्पश्चात वर्ग पंचम, षष्ठम् एवं सप्तम की छात्राओं ने भोजपुरी गीत ‘कहवां गईल लडकईयां हो तनी हमरो बताव’ पर नृत्य प्रस्तुत कर अमिट छाप छोड़ा। वर्ग एक के छात्रों ने राजस्थानी गीत ‘लुक छुप ना जाओ जी’ पर भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत किया। वर्ग दो की छात्राओं ने ‘मोर सुंदर झारखंड’ गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत
कर अपने प्रदेश झारखंड का मान बढ़ाया। फिर नर्सरी एवं जूनियर केजी की छात्राओं ने पंजाबी गीत ‘जूती लेले तू’ पर काफ़ी दमदार नृत्य प्रस्तुत किया। सीनियर केजी की छात्राओं ने बांग्ला गीत पर धमाल मचाया। जूनियर और सीनियर केजी के छात्रों ने पाॅपुलर भोजपुरी गीत ‘लाॅलीपाॅप लागे लू’ गीत पर समां बांधा। वर्ग तृतीय एवं चतुर्थ की छात्राओं ने कश्मीरी गीत ‘बुमरो – बुमरो’ पर काफ़ी जीवंत नृत्य पेश किया। वर्ग चतुर्थ के विद्यार्थियों ने ‘चाइल्ड लेबर’ तथा वर्ग षष्ठम् एवं सप्तम के विद्यार्थियों ने ‘बैक बेंचर्स पर नृत्य नाटिका प्रस्तुत कर लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया। इसके पूर्व बच्चों को विद्यालय की गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं के लिए पुरस्कृत किया गया। गायन एवं नृत्य प्रतियोगिता के विजेताओं एवं उपविजेताओं को विद्यालय की संस्थापिका अनिता वर्मा,डीनोबिली स्कूल की वरिष्ठ शिक्षिका सरिता वर्मा, एक्सिस बैंक के शाखा प्रबंधक असित कुमार सिन्हा, प्राचार्य दिलीप कुमार वर्मा, उप प्राचार्य शिवली सरकार, समाजसेवी राकेश रंजन चुन्ना यादव एवं सुमन कुमार सिंह के अलावा उपस्थित अभिभावकों ने पुरस्कृत किया।
अतिथियों ने विद्यालय की भूरि भूरि प्रशंसा की और उत्थान की कामना की। धन्यवाद ज्ञापन पंचायत सचिव आकांक्षा कुमारी ने किया। मंच संचालन कायनात महताब एवं आशियां महताब ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित थे।



