धनबाद : बढ़ती ठंड के साथ धनबाद में डॉग बाइट की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। इसका असर धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल स्थित एंटी रेबीज वैक्सीन (एआरवी) सेंटर में साफ तौर पर दिख रहा है।
वैक्सीन लगवाने के लिए मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। सामान्य दिनों में यहां प्रतिदिन 80 से 100 लोग वैक्सीन के लिए आते थे। शुक्रवार को सुबह से ही एआरवी सेंटर में लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं। शाम तक कुल 190 पीड़ितों को एंटी रेबीज वैक्सीन दी गई। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार पिछले कई दिनों से लगभग रोज यही स्थिति बनी हुई है। डॉग बाइट से पीड़ित बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं बड़ी संख्या में इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
चिकित्सकों का कहना है कि ठंड के मौसम में आवारा कुत्तों की आक्रामकता बढ़ जाती है। इससे काटने की घटनाएं अधिक होती हैं। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और डॉग बाइट की स्थिति में बिना देरी किए एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने की अपील की है। सदर में वैक्सीन की किल्लत बरकरार सदर अस्पताल में एंटी रेबीज वैक्सीन की किल्लत बनी हुई है। सदर में वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने के कारण वहां के मरीजों को धनबाद मेडिकल कॉलेज जाना पड़ रहा है। इससे धनबाद मेडिकल कॉलेज के एआरवी सेंटर पर दबाव और बढ़ गया है। नतीजा यहां सामान्य दिनों से अधिक भीड़ हो रही है।
ठंड के मौसम में आवारा कुत्तों की आक्रामकता बढ़ने से धनबाद में लगातार बढ़ रही डॉग बाइट की घटनाएं , एआरवी के लिए लगी भीड़



