बेंगलुरु : 21 दिसंबर को वर्ल्ड साड़ी डे मनाया जाता है। इस खास दिन पर जानें कि दुनिया की सबसे महंगी साड़ी कौन सी है। ये कौन से फैब्रिक से बनती है और क्या इसे पहनने का भी वही पारंपरिक तरीका है। देखें ये रोचक जानकारी। दुनिया की सबसे कीमती साड़ी 39.3 लाख रुपये की कीमत वाली विवाह पट्टू कांजीवरम मानी जाती है। इसी वजह से इसका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज है। काम के हिसाब से इसकी कीमत में थोड़ा बहुत फेर बदल हो सकता है। यह साड़ी बेस्ट क्वालिटी के सिल्क यानी रेशम से बनाई जाती है और इस पर सोना, हीरे और चांदी बारीक काम होता है।
दुनिया की सबसे महंगी साड़ी चेन्नई सिल्क की विवाह पट्टू कांजीवरम (कांचीवरम) है। इस साड़ी को डबल वार्प तकनीक से हाथ से बुना गया था। इसके ब्रोकेड में 64 रंग शेड और 10 अद्वितीय डिजाइन हैं। खास वर्क वाली इस साड़ी का वजन लगभग आठ किलोग्राम है। साड़ी में सोना, हीरा, प्लैटिनम, चांदी, माणिक, पन्ना, नीलम और मोती जैसे कीमती धातु और पत्थरों का महीन काम शामिल है। बताया जाता है कि इसमें 59.7 ग्राम सोना, 3.9 कैरेट हीरा और 5 कैरेट नीलम का इस्तेमाल किया गया था।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में शामिल भारतीय साड़ी
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में यह साड़ी दुनिया की सबसे कीमती साड़ी के तौर पर दर्ज है। इस साड़ी की सेल 5 जनवरी 2008 को 39 लाख 31 हजार रुपये के करीब में हुई थी। इस साड़ी को 36 बुनकारों ने करीब 4,760 घंटे में तैयार किया था। हालांकि इनसे इतर एक और खास बात इस साड़ी की वैल्यू बढ़ाती है। इस साड़ी में प्रसिद्ध भारतीय कलाकार राजा रवि वर्मा की 11 पेंटिंग की इमेज को उकेरा गया है। साड़ी पर जो मुख्य छवि नजर आती है, वह राजा रवि वर्मा की प्रसिद्ध पेंटिंग ‘गैलेक्सी ऑफ म्यूजिशियंस’ से प्रेरित है।
जानें गैलेक्सी ऑफ म्यूजिशियंस पेंटिंग के बारे में
यह पेंटिंग राजा रवि वर्मा की सबसे प्रसिद्ध कृतियों में से एक है। इसमें 11 महिलाओं को संगीत प्रदर्शन में लगे हुए दिखाया गया है। करीब से देखने पर पता चलता है कि प्रत्येक महिला एक अलग क्षेत्र या समुदाय से जुड़े अलग-अलग परिधान पहने हुए है: दाईं ओर एक मुस्लिम महिला, बाईं ओर नायर मुंडू पोशाक में एक महिला वीणा बजा रही है, और केंद्र में एक महिला मराठी शैली की साड़ी पहने हुए है। उसकी कलाई में हरी चूड़ियां भी साफ नजर आती हैं।
स्मार्ट हिस्ट्री, द सेंटर फॉर पब्लिक आर्ट हिस्ट्री की वेबसाइट के अनुसार वर्मा की गैलेक्सी ऑफ म्यूजिशियंस में प्रत्येक महिला न केवल भारत की भौगोलिक और सांस्कृतिक विविधता का प्रतीक है, बल्कि कलाकार के अनुसार स्त्रीत्व और सुंदरता के आदर्श रूपों का भी प्रतिनिधित्व करती है। वे युवा, आकर्षक, वांछनीय और शालीन हैं। समूह में केवल दो महिलाएं (पिछली पंक्ति, दाहिनी ओर) दर्शक की ओर देखती हुई प्रतीत होती हैं; अन्यथा, महिलाएं दर्शकों की उपस्थिति से काफी हद तक अनजान नजर आती हैं।
दुनिया की सबसे महंगी साड़ी किसके पास है
साड़ी पर इतनी विस्तृत पेंटिंग को फिर से बनाना विशेष उल्लेख का पात्र है। रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि साड़ी के दो संस्करण बनाए गए थे जिनमें से एक बेंगलुरु के एक व्यवसायी ने अपनी 10 वीं शादी की सालगिरह पर खरीदा था, जबकि दूसरा 2009 में कुवैत स्थित एक व्यवसायी ने खरीदा था।
विश्व साड़ी दिवस आज, दुनिया की सबसे महंगी साड़ी बेंगलुरु में !

Oplus_16908288


