धनबाद : धनबाद के प्रतिभाशाली गायक अभिषेक कुमार इंडियन आईडल 16 सीजन 2025 के मंच पर अपनी आवाज का जादू बिखेर रहा है . इंडियन आइडल सीजन 16 में अपनी शानदार गायकी से जजों और दर्शकों के दिल में जगह बना चुके अभिषेक इस सप्ताहांत पहले गाला राउंड में लाइव नजर आया. शनिवार और रविवार की रात आठ बजे सोनी टीवी पर उनका शो प्रसारित किया जा रहा है.
अभिषेक के पिता अजय शाह ने बताया कि यह राउंड प्रीमियम राउंड कहलाता है और प्रतियोगिता बेहद कड़ी है. अभिषेक लगातार 18 घंटे रियाज कर रहा है और हर गीत की बारीकी पर विशेष ध्यान दे रहा है. उसका पूरा फोकस रियाज और गायकी पर है ताकि वह कोयलांचल का नाम रोशन कर सके .गायक अभिषेक ने बताया कि जल्द ही वोटिंग लाइन खुलने वाली है और उन्होंने कोयलांचलवासियों से अधिक से अधिक वोट कर उनका समर्थन करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि ऑडिशन के समय एक स्कूल के संगीत शिक्षक अश्विनी आनंद ने उन्हें पूरा सहयोग दिया था, जबकि उनके पहले गुरु उनके मामा पंकज सांवरिया हैं जिन्होंने संगीत की बुनियादी शिक्षा दी. उदित नारायण जैसे दिग्गज गायकों के साथ मंच साझा कर चुके अभिषेक अब देशभर के दर्शकों के बीच अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए उत्साहित हैं. धनबाद और झारखंड के संगीत प्रेमियों को उनसे बड़ी उम्मीदें हैं कि वे इस बार इंडियन आइडल ट्रॉफी को अपने नाम करेंगे।



