धनबाद : धनबाद रेल मंडल के कतरास और गोमो समेत 15 अमृत भारत स्टेशन नए कलेवर में दिखेंगे। स्टेशनों का बाहरी लुक आधुनिक होगा और प्रवेश/निकास मार्ग अलग-अलग होंगे। गोमो में 12 मीटर चौड़ा नया फुट ओवरब्रिज बनेगा। यात्रियों के लिए लिफ्ट स्वचालित सीढ़ी और बेहतर पार्किंग की सुविधाए होंगी। इन स्टेशनों के विकास से शहर का लुक बदलेगा।
हम यहां बता दें कि कतरास और गोमो समेत धनबाद रेल मंडल के 15 अमृत भारत स्टेशन जल्द ही नए लुक में नजर आएंगे। प्रत्येक स्टेशन का फसाड सामने वाला लुक आधुनिक स्टेशन सरीखे दिखेगा।
स्टेशन के फसाड के साथ नए सिरे से विकसित प्लान पर डीआरएम की मंजूरी की मुहर लग गई है। इन स्टेशन के विकसित होने से शहर का लुक भी बदलेगा। स्टेशन के आसपास के क्षेत्र नए सिरे से विकसित होंगे। छोटे-बड़े वाहनों से आवागमन के लिए प्रवेश व निकास के अलग-अलग मार्ग बनेंगे।
गोमो में मौजूदा फुट ओवरब्रिज तोड़कर बनेगा 12 मीटर चौड़ा नया ब्रिज
गोमो स्टेशन के मौजूदा पुराने फुट ओवरब्रिज को तोड़कर उससे दोगुना से अधिक चौड़ा 12 मीटर चौड़ाई वाला नया फुट ओवरब्रिज बन कर तैयार होगा। इससे ट्रेन आगमन व प्रस्थान के दौरान यात्रियों की भीड़ बढ़ने से आपाधापी नहीं होगी। गति शक्ति, इंजीनियरिंग समेत अन्य विभाग के अधिकारियों ने स्थल निरीक्षण कर इसका प्लान तैयार कर लिया है।
कतरास स्टेशन में भी प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग
कतरास स्टेशन तक पहुंचने के लिए अभी एक ही मार्ग है। व्यस्त बाजार से होकर चार पहिया वाहनों से स्टेशन तक पहुंचना आसान नहीं है। पार्किंग की सुविधा भी बहुत अच्छी नहीं है। अमृत भारत स्टेशन के रूप में विकसित होने वाले इस स्टेशन में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग बन कर तैयार होगा। चार पहिया वाहनों से आसानी से स्टेशन तक पहुंच सकेंगे। पार्किंग भी व्यवस्थित होगी। स्टेशन के आसपास के क्षेत्र का भी सौंदर्रीकरण होगा।
क्या-क्या मिलेंगी सुविधाएं
12 मीटर चौड़ा फुटओवर ब्रिज का निर्माण होगा।यात्रियों के आवागमन के लिए लिफ्ट और स्वचालित सीढ़ी चलेगी।वेटिंग रूम, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, उन्नत पार्किंग विकसित होगी। दिव्यांगजनों के अनुकूल बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराई जाएंगी।
किस स्टेशन पर कितना खर्च
गोमो 32.40 करोड़
कतरास 26.90 करोड़
चंद्रपुरा स्टेशन में 26.50 करोड़
पारसनाथ 30.40 करोड़
हजारीबाग रोड 28.10 करोड़
कोडरमा 30.30 करोड़
बरकाकाना 32.60 करोड़
नगर उंटारी 26.30 करोड़
गढ़वा टाउन 25.50 करोड़
पहाड़पुर 28.10 करोड़
लातेहार 24.50 करोड़
डालटनगंज 29.20 करोड़
गढ़वा रोड 24.50 करोड़